रायपुर। राज्य जीएसटी विभाग ने रायपुर जिले के आरंग और अभनपुर इलाके में संचालित कई उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई की है। पिछले एक सप्ताह से चल रहे छापेमारी अभियान के दौरान करीब एक करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का मामला सामने आया है। जांच के दायरे में बिस्किट फैक्ट्री, बेकरी, बारदाना, पोल्ट्री, पेवर ब्लॉक और पेयजल से जुड़े कई कारोबार शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कई कारोबारी बड़े स्तर पर उत्पादन और कारोबार कर रहे थे, लेकिन या तो जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं कर रहे थे या फिर वास्तविक कारोबार की तुलना में बहुत कम टर्नओवर दिखा रहे थे। स्टेट जीएसटी अधिकारियों के मुताबिक, अभनपुर के कोलर स्थित एक बिस्किट फैक्ट्री, सेजबहार क्षेत्र के किराना और बेकरी कारोबारियों तथा कुछ पोल्ट्री व्यवसायियों के यहां अब तक करीब एक करोड़ रुपये की कर चोरी सामने आ चुकी है। जांच अभी जारी है, इसलिए अंतिम आंकड़ा फिलहाल जारी नहीं किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार कई फैक्ट्रियां ऊंची दीवारों और बंद परिसरों के भीतर संचालित हो रही थीं, जिससे बाहर से उनके वास्तविक कारोबार का अंदाजा लगाना मुश्किल था। फैक्ट्री परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक थी और कर्मचारियों को भी गतिविधियों की जानकारी साझा नहीं करने के निर्देश दिए गए थे। इतना ही नहीं, माल ढोने वाले कई वाहनों पर किसी तरह की पहचान नहीं थी और कई मामलों में बिना वैध इनवॉइस के सामान की आवाजाही की जा रही थी।
पहले गोपनीय निगरानी, फिर छापेमारी
कार्रवाई से पहले जीएसटी विभाग ने कई दिनों तक संबंधित इलाकों में गोपनीय निगरानी रखी। अधिकारियों ने फैक्ट्रियों से निकलने वाले वाहनों की वीडियो रिकॉर्डिंग की, आसपास के लोगों और कर्मचारियों से जानकारी जुटाई तथा माल की आवाजाही पर नजर रखी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
नए GST नियमों के तहत होगी और सख्ती
विभाग का कहना है कि जीएसटी कानून में हुए नए बदलावों के बाद टैक्स चोरी और फर्जीवाड़े के मामलों में कार्रवाई और सख्त होगी। बार-बार टैक्स चोरी या फर्जी बिलिंग में पकड़े जाने वाले कारोबारियों पर गैर-जमानती धाराएं भी लगाई जा सकती हैं, जिससे उन्हें सीधे जेल जाना पड़ सकता है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
स्टेट जीएसटी आयुक्त पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि शहर के बाहरी इलाकों में बड़े स्तर पर संचालित कारोबारों की जानकारी मिलने के बाद विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है। शुरुआती जांच में ही बड़ी टैक्स चोरी का खुलासा हुआ है और आने वाले दिनों में इससे भी बड़े मामले सामने आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि टैक्स चोरी और फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





