रायपुर।उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने मेधावी छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने एम्स रायपुर की स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल रिसर्च और आधुनिक चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान एडवांस्ड हेल्थकेयर, चिकित्सा अनुसंधान और अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में लगातार बेहतर काम कर रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में हुए राज्य के पहले स्वैप किडनी ट्रांसप्लांट जैसी उपलब्धियों का भी जिक्र किया।
उपराष्ट्रपति ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ के उन क्षेत्रों में आए बदलाव की भी चर्चा की, जो कभी नक्सलवाद, डर और सुविधाओं की कमी के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कहा कि अब इन इलाकों में विकास की नई तस्वीर नजर आ रही है। सड़कों, स्कूलों, अस्पतालों, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश जैसी सुविधाओं के बढ़ने से लोगों के लिए रोजगार और विकास के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, एम्स रायपुर के प्रेसिडेंट प्रो. (डॉ.) संजीव हांडा और कार्यकारी निदेशक रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।






