धमतरी जिले के नगरी-सिहावा क्षेत्र में तीन दिनों से आतंक मचाने वाले तेंदुए को पकड़ लिया गया है। इस दौरान तेंदुए ने कई ग्रामीणों पर हमला किया था। बताया जा रहा है कि तेंदुए के हमले से दो लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 20 लोग घायल हो चुके है।
कारीपानी गांव में बुधवार देर रात तेंदुआ एक घर में घुस गया और तीन लोगों पर हमला कर दिया। इनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। शोरगुल के बाद तेंदुआ वहां से भाग निकला, लेकिन घटना के बाद पूरे इलाके में भय व्याप्त हो गया। ग्रामीण रात में घर से बाहर निकलने से हिचकने लगे और बच्चों, बुजुर्गों तथा मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए।
इसके बाद तेंदुए ने धमतरी-कोंडागांव जिला सीमा से लगे बस्तर बुढ़रा गांव में भी हमला किया, जहां चार और ग्रामीण घायल हो गए। वन विभाग के अनुसार दोनों जगहों पर हमला करने वाला एक ही तेंदुआ माना जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार 20 लोग घायल हो चुके है।
लगातार हमलों से परेशान ग्रामीणों ने एकजुट होकर तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की। स्थानीय सूचनाओं के अनुसार, इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को नियंत्रित करने का काम शुरू किया। तेंदुए के पकड़ने के बाद ही ग्रामीणों ने राहत की साँस ली।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें इलाके में पहुंचीं। विभाग ने पिंजरा लगाया और ड्रोन कैमरे की मदद से तेंदुए की निगरानी व तलाश की। अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उसे जंगल के सुरक्षित हिस्से में ले जाने की कोशिश की जा रही है।
हमले में गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखने पर उसे भगाने, पीछा करने या भीड़ लगाकर घेरने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।
तेंदुए के पकड़े जाने के बाद भी अधिकारी ग्रामीणों से सतर्कता बरतने को कह रहे हैं। नगरी-सिहावा क्षेत्र में निगरानी तेज कर दी गई है, ताकि आगे कोई और हमला रोका जा सके।





