इंदौर में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। सुमन नगर जैन मंदिर के पास अवंतिका गैस पाइपलाइन में अचानक ब्लास्ट हो गया। इस घटना में विजय पटेल समेत कुल 4 लोग झुलस गए। घायलों में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर गिरीराजकुमारी झाला भी शामिल हैं। हादसे का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना साफ दिख रही है।
वीडियो में दिख रहा है कि मौके पर करीब 15–20 लोग मौजूद थे। इसी दौरान तीन बाइक सवार वहां से गुजरते हैं और अचानक आग की चपेट में आ जाते हैं। धमाके के समय बाइक सवार गिर जाते हैं और एक युवक जान बचाने के लिए चलते बाइक से कूद जाता है। कुछ ही सेकंड में आग की लपटें और तेज हो जाती हैं, जिससे पूरा इलाका दहशत में आ जाता है।
इसी दौरान एक कार के पीछे चल रहा बाइक सवार डर के मारे सड़क पर गिर जाता है। वहीं पास में खड़ा एक युवक ट्रक को आग से बचाने के लिए उसकी तरफ दौड़ता हुआ नजर आता है।
नगर निगम के वाटर हार्वेस्टिंग काम के दौरान हादसा
विजय नगर पुलिस के मुताबिक, जिस जगह यह हादसा हुआ वहां नगर निगम की ओर से वाटर हार्वेस्टिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अवंतिका गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट हो गया और गैस लीक होने लगी। थोड़ी देर बाद गैस ने आग पकड़ ली, जिससे तेज धमाका हुआ।
धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
युवती भी झुलसी, बाइक जलकर राख
घायल युवती के भाई यशवीर सिंह झाला ने बताया कि उनकी बहन राजकुमारी झाला बाइक से गुजर रही थीं, तभी आग की चपेट में आ गईं और झुलस गईं। उनकी बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई।
एक प्रत्यक्षदर्शी श्याम ने बताया कि वह पास में काम कर रहे थे, तभी अचानक तेज आग की लपटें उठीं। उसी समय एक युवती आग की चपेट में आकर उनकी ओर गिर गई। उन्हें बचाने के दौरान उनका हाथ भी झुलस गया।
5000 से ज्यादा घरों की गैस सप्लाई बंद
अवंतिका गैस कंपनी के इंजीनियर अनुराग शर्मा ने बताया कि मौके से बोरिंग का सामान मिला है और कंपनी से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। हादसे के कारण शीतल नगर, विजय नगर समेत आसपास के 5000 से ज्यादा घरों की गैस सप्लाई प्रभावित हुई है।
फिलहाल पाइपलाइन की मरम्मत का काम चल रहा है और जल्द ही गैस सप्लाई बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पाइपलाइन को ठीक करने में करीब 2 घंटे लग सकते हैं और इसके बाद पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
बिना अनुमति खुदाई का आरोप
कंपनी का कहना है कि इलाके में हाई प्रेशर गैस पाइपलाइन होने के बोर्ड लगे हुए थे, इसके बावजूद बिना अनुमति खुदाई और बोरिंग का काम किया गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
वहीं वार्ड पार्षद बालमुकुंद सोनी ने कहा कि वह खुद कोई बोरिंग नहीं करा रहे थे। उनके अनुसार वहां नगर निगम का वाटर हार्वेस्टिंग का काम चल रहा था और हादसे के समय वह अपने घर पर सुंदरकांड में मौजूद थे।






