BJP के स्मार्ट सिटी मॉडल पर राहुल गांधी का वार: पानी पीकर लोग मर रहे हैं, ये है नया अर्बन मॉडल

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

इंदौर।बीजेपी की तथाकथित डबल इंजन सरकार के स्मार्ट सिटी मॉडल पर कांग्रेस ने बड़ा सवाल खड़ा किया है। इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे। उन्होंने भागीरथपुरा क्षेत्र की तंग गलियों में पैदल चलकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और सरकार की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा किया।

राहुल गांधी ने कहा कि जिस शहर को देश का स्मार्ट सिटी बताया जाता रहा है, वहां लोगों को पीने का साफ पानी तक नसीब नहीं है। उन्होंने कहा कि “यह नया स्मार्ट सिटी मॉडल है, जहां पानी पीकर लोग मर रहे हैं और सवाल पूछने पर लोगों को डराया जा रहा है।”

“पानी, हवा, ज़मीन सबमें ज़हर”

राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ इंदौर की समस्या नहीं है, बल्कि देश के कई शहरों में यही हालात हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की जिम्मेदारी साफ पानी और कम प्रदूषण सुनिश्चित करने की है, लेकिन वह इसमें पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब इस पूरे सिस्टम से लोगों की जान जा रही है, तो सरकार में कोई न कोई जिम्मेदार जरूर होना चाहिए। “लापरवाही से हुई मौतों की जवाबदेही तय होनी चाहिए,” उन्होंने कहा।

इलाज का खर्च और मुआवजे की मांग

पीड़ित परिवारों ने राहुल गांधी को बताया कि दूषित पानी से बीमार होने के बाद भी अस्पतालों में इलाज के लिए उनसे पैसे लिए गए।

इस पर राहुल गांधी ने साफ कहा कि यह सरकारी लापरवाही का नतीजा है, इसलिए इलाज का पूरा खर्च और मुआवजा सरकार को देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पीड़ितों की मदद करना सरकार की जिम्मेदारी है, न कि उन्हें उनके हाल पर छोड़ देना।

“टंकी सिर्फ दिखावे का समाधान”

राहुल गांधी ने क्षेत्र में लगी पानी की टंकी को प्रतीकात्मक समाधान बताते हुए कहा कि अभी भी लोगों को साफ पानी नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि कुछ दिनों के लिए पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है, क्योंकि मीडिया और देश की नजर यहां है। “जैसे ही ध्यान हटेगा, हालात फिर वही हो जाएंगे,” उन्होंने चेताया। उन्होंने सरकार से स्थायी और सिस्टमेटिक समाधान लागू करने की मांग की।

राजनीति के आरोपों पर राहुल का जवाब

पीड़ितों से मुलाकात को राजनीति बताए जाने पर राहुल गांधी ने कहा कि “यह राजनीति नहीं है, यह मेरी जिम्मेदारी है। मैं विपक्ष का नेता हूं और जहां लोगों की मौत हो रही है, वहां खड़ा होना मेरा कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि साफ पानी हर नागरिक का अधिकार है और पीड़ितों के साथ खड़ा रहना उनका फर्ज है।

शोक सभा में भी हुए शामिल

राहुल गांधी इससे पहले आयोजित शोक सभा में भी शामिल हुए, जहां मृतकों के परिजनों से बातचीत की। इसके अलावा उन्होंने दो पीड़ित परिवारों के घर जाकर संवेदना भी व्यक्त की।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment