सौरव गांगुली के घर ED छापे की फर्जी खबर वायरल, ‘दादा’ ने दर्ज कराई पुलिस शिकायत

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली ने उनके घर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की छापेमारी से जुड़ी फर्जी खबरें फैलाने के मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। गांगुली ने कोलकाता के ठाकुरपुकुर थाने में एक फेसबुक पेज और एक डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई थी, जिसमें दावा किया गया था कि ईडी ने सौरव गांगुली के घर पर छापा मारा है। यह खबर देखते ही देखते सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी। हालांकि, गांगुली ने इस दावे को पूरी तरह झूठा और निराधार बताते हुए खारिज कर दिया।

15 जून 2026 को दर्ज कराई गई शिकायत में गांगुली ने फेसबुक पेज ‘सौरव गांगुली फैंस’ और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म स्पोर्ट्सविकी (Sportzwiki) का नाम लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन माध्यमों से उनके बारे में भ्रामक और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है।

गांगुली ने पुलिस से संबंधित पेज संचालकों की पहचान करने, पोस्ट के स्रोत की जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आलोचना स्वाभाविक है, लेकिन झूठी और मानहानिकारक खबरें फैलाना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की सीमा से बाहर है।

पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी खबर किसने और किस उद्देश्य से प्रसारित की।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment