“कोलकाता की दुर्गा पूजा में दिखेगी सेना की शौर्यगाथा, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम में देशभक्ति की झलक”

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

कोलकाता।इस वर्ष पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में होने वाली भव्य दुर्गा पूजा को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया गया है। कोलकाता के प्रतिष्ठित पूजा पंडाल संतोष मित्रा स्क्वायर’ ने इस बार अपनी थीम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को समर्पित की है, जिसमें भारतीय सेना की बहादुरी और बलिदान को शानदार तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

पूजा समिति के प्रवक्ता सजल घोष ने जानकारी दी कि पंडाल में युद्ध के मैदान जैसा वातावरण तैयार किया जाएगा, जहां विशाल मॉडल, विशेष प्रकाश संयोजन, ध्वनि प्रभाव और देशभक्ति गीतों जैसे ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘मेरे वतन’ के जरिए सेना की वीरता को जीवंत किया जाएगा।

भाजपा नेता सजय घोष ने कहा कि इस थीम का उद्देश्य लोगों में देशप्रेम की भावना को मजबूत करना और उन शहीदों को सम्मान देना है जिन्होंने पहलगाम जैसे हमलों के बाद हमारी रक्षा के लिए अपने प्राण अर्पण किए। ऑपरेशन सिंदूर भारत द्वारा पाकिस्तान और पीओके स्थित आतंकी ठिकानों पर की गई जवाबी कार्रवाई का प्रतीक है।

नटी बिनोदिनी को समर्पित थीम से नारी सशक्तिकरण का संदेश

कोलकाता की एक और प्रमुख पूजा समिति भवानीपुर 75 पल्ली ने इस बार अपनी थीम 19वीं सदी की रंगमंच अभिनेत्री नटी बिनोदिनी को समर्पित की है। समिति के सचिव सुबीर दास ने बताया कि नटी बिनोदिनी वह पहली महिला कलाकार थीं जिन्होंने एक ऐसे समय में मंच पर महिला भूमिका निभाई, जब थिएटर में महिला पात्रों को पुरुष निभाते थे।

इस पंडाल में उस ऐतिहासिक क्षण को भी दिखाया जाएगा जब संतरामकृष्ण परमहंस ने नटी बिनोदिनी को उनके मंच प्रदर्शन के बाद आशीर्वाद दिया था। मूर्तिकार परिमल पाल द्वारा बनाई गई दुर्गा प्रतिमा ‘सनातनी’ शैली में होगी, जो नारी सशक्तिकरण की गूंज को दर्शाएगी।

कलात्मकता के साथ सामाजिक संदेश का संगम

दुर्गा पूजा न केवल बंगाल का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है, बल्कि यह कला, संस्कृति, इतिहास और सामाजिक चेतना का भी जीवंत प्रतीक बन चुका है। इस साल यह महोत्सव 28 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच मनाया जाएगा, जिसमें लाखों श्रद्धालु और पर्यटक इन अनोखी थीमों का आनंद लेंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment