मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पोंड़ी (राछा) में आयोजित कार्यक्रम में 295 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 341 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 70.10 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 159 कार्यों का लोकार्पण तथा 224.90 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 182 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और बटन दबाकर पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह दिन जांजगीर-चांपा जिले के लिए ऐतिहासिक है और इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा लोगों का जीवन अधिक सुगम बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों के माध्यम से आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में विकास की नई संभावनाएं सृजित होंगी और लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
विभिन्न विभागों के कार्य शामिल
लोकार्पित 159 कार्यों में जल संसाधन, वन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सीजीएमएससी, नगरीय प्रशासन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्य शामिल हैं। वहीं 182 कार्यों के भूमिपूजन में जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, सीजीएमएससी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल, नगरीय प्रशासन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं होते, बल्कि लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के साथ जनकल्याण एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखान साहू , स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





