मध्यप्रदेश के जबलपुर से एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है। बरगी डैम में गुरुवार शाम एक टूरिस्ट क्रूज अचानक खराब मौसम की चपेट में आकर डूब गया। इस हादसे ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल पैदा कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्रूज में करीब 40 से 45 लोग सवार थे, जो सैर-सपाटे के लिए निकले थे। तभी अचानक तेज आंधी और खराब मौसम ने हालात बदल दिए और देखते ही देखते क्रूज पानी में समा गया।
स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक 6 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 18 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं, 15 से अधिक लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि, अंधेरा और मौसम की खराब स्थिति राहत कार्य में बड़ी चुनौती बन रही है। टीम बड़ी टॉर्च और विशेष उपकरणों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।



