30 अप्रैल तक बढ़ी प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की डेडलाइन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए संपत्ति कर भुगतान की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाते हुए अब 30 अप्रैल 2026 कर दिया है। पहले यह डेडलाइन 31 मार्च तय की गई थी।

विभाग के इस फैसले के तहत सभी नगरीय निकायों को अतिरिक्त 30 दिनों का समय दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, राजस्व वसूली का लक्ष्य अभी पूरा नहीं हो पाया है और कुछ प्रशासनिक कारणों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

अब नागरिक 30 अप्रैल तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर सकते हैं। लेकिन अगर इस नई समयसीमा के बाद भुगतान किया जाता है, तो 17 प्रतिशत का सरचार्ज देना अनिवार्य होगा।

इस बीच, टैक्स वसूली में तेजी भी देखने को मिली है। 30 मार्च को सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक 8,768 करदाताओं ने नगर निगम में कुल 9 करोड़ 58 लाख 61 हजार 442 रुपये जमा किए।

खास बात यह रही कि 31 मार्च को महावीर जयंती का सरकारी अवकाश होने के बावजूद नगर निगम के सभी जोनों के राजस्व कार्यालय आम दिनों की तरह खुले रहे, ताकि लोग अंतिम दिन भी अपना टैक्स आसानी से जमा कर सकें।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment