बिहार की सियासत में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सत्ताधारी गठबंधन के अंदर नई सरकार के गठन को लेकर एक संभावित फॉर्मूला तैयार होने की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आने वाले अप्रैल महीने में अपने पद और विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद राज्य में नई सरकार का गठन किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि जदयू में सक्रियता बढ़ाने के बाद निशांत कुमार की भूमिका भी बढ़ सकती है। हाल ही में उन्होंने 11 मार्च को पार्टी कार्यालय पहुंचकर युवा विधायकों, वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान बिहार के कई जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और समर्थन में नारे लगाए।
सत्ता संतुलन का नया फॉर्मूला
सूत्रों के मुताबिक प्रस्तावित व्यवस्था में जदयू को दो उपमुख्यमंत्री पद और भाजपा के बराबर करीब 15 मंत्री पद दिए जा सकते हैं। वहीं गृह विभाग और विधानसभा अध्यक्ष का पद पहले की तरह भाजपा के पास ही रहने की संभावना है।
इस नई व्यवस्था के तहत पहली बार जदयू को गठबंधन में भाजपा के छोटे सहयोगी की भूमिका में देखा जा सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाने और बाद में नीतीश कुमार की विधान परिषद सीट से उपचुनाव लड़ाने की तैयारी चल रही है।
इसके अलावा भविष्य में उन्हें पार्टी की कमान सौंपने की भी चर्चा है। हालांकि दूसरे डिप्टी सीएम को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
सहयोगी दलों को भी मिलेगी हिस्सेदारी
संभावित नई सरकार में सहयोगी दलों को भी प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार लोक जनशक्ति पार्टी (Ram Vilas) को दो मंत्री पद मिल सकते हैं, जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा को एक-एक मंत्री पद दिए जाने की संभावना है।
चूंकि दोनों उपमुख्यमंत्री जदयू से हो सकते हैं, इसलिए विभागों के बंटवारे को लेकर एनडीए में नए सिरे से चर्चा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री पद को लेकर अभी भी सस्पेंस
मुख्यमंत्री पद को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेतृत्व ने नीतीश कुमार को भरोसा दिया है कि नए मुख्यमंत्री के चयन में उनकी राय को महत्व दिया जाएगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बदलाव के बाद राज्य में लव-कुश (कुर्मी-कुशवाहा) सामाजिक समीकरण को बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी। इसी कारण कुर्मी समाज से आने वाले निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है।
वहीं वर्तमान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को संभावित मुख्यमंत्री के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि उनकी नीतीश कुमार से करीबी भी मानी जाती है। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।







