रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर उस वक्त विशेष गरिमा से भर उठी, जब देश के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत राज्य के दौरे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एयरपोर्ट पर उनका आत्मीय स्वागत किया और पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी प्रस्तुत की। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश को राजकीय गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक भेंट की। इसके अलावा बेल मेटल से निर्मित भगवान श्रीराम और माता शबरी की सुंदर प्रतिमा भी स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की गई।
इस दौरान भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति पीएस नरसिम्हा और न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा का भी स्वागत किया गया। साथ ही छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा का अभिनंदन भी किया गया।
उल्लेखनीय है कि मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (Hidayatullah National Law University) के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए हैं। यह अवसर प्रदेश के लिए न केवल सम्मान का विषय है, बल्कि न्यायिक और शैक्षणिक जगत के लिए भी महत्वपूर्ण क्षण माना जा रहा है।







