छत्तीसगढ़ के RKM पावर प्लांट में बड़ा हादसा: मरम्मत के दौरान लिफ्ट गिरने से 4 मजदूरों की मौत, 6 गंभीर घायल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम उच्च पिंडा स्थित RKM Power Plant में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि मरम्मत कार्य के दौरान मजदूरों को लेकर जा रही लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई, जिससे चार मजदूरों की मौत हो गई और छह मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर बॉयलर की मरम्मत के लिए ऊंचाई पर जा रहे थे, तभी लिफ्ट का स्टील वायर अचानक टूट गया। हादसे की तीव्रता इतनी थी कि दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घायल मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी हरीश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लिफ्ट गिरने से चार मजदूरों की मौत और छह मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

मजदूरों का आरोप – प्रबंधन की लापरवाही से हुआ हादसा

स्थानीय मजदूरों ने आरोप लगाया कि RKM Power Plant प्रबंधन की गंभीर लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि लिफ्ट की तकनीकी जांच लंबे समय से नहीं की गई थी। हादसे के बाद मजदूरों में भारी आक्रोश है और सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस और प्रशासन हरकत में

फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की पड़ताल के साथ ही दोषियों की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा राशि देने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment