छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों ने सोमवार सुबह शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने मंत्री निवास के सामने अपनी आवाज उठाई और लंबित नियुक्तियों पर जल्द फैसला लेने की मांग की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले करीब 11 महीनों से नियुक्ति की आस में लगातार आंदोलन कर रहे हैं। नौकरी की उम्मीद में युवा धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन नियुक्ति प्रक्रिया में लंबी देरी से उनकी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। कई अभ्यर्थी अपने परिवारों से दूर रहकर आंदोलन करने को मजबूर हैं।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि नियुक्ति में देरी के कारण उन्हें आर्थिक संकट के साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। अभ्यर्थियों ने सरकार से शेष रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति जारी करने और भर्ती प्रक्रिया को तेज करने की मांग की है।
अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि वे किसी विशेष रियायत की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपनी योग्यता और पात्रता के आधार पर रोजगार के अधिकार की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर उनकी लंबे समय से चल रही समस्या का समाधान करे।





