रायपुर में गंदगी पर बड़ी कार्रवाई: नगर निगम के दो अधिकारियों को नोटिस

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर में बढ़ती गंदगी और सफाई व्यवस्था की कमियों को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर निगम के दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग ने उपायुक्त एवं सफाई प्रभारी जसदेव बाबरा तथा जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिसमें दोनों को तीन दिन के भीतर जवाब देने का समय दिया गया है।

नोटिस में आरोप लगाया गया है कि शहर के कई हिस्सों में कचरा और गंदगी फैलने के बावजूद सफाई व्यवस्था में वांछित सुधार नहीं हो सका। विभाग का मानना है कि बार-बार दिए गए निर्देशों के बाद भी अधिकारियों की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं दिखा, जिससे नगर निगम और शासन की छवि प्रभावित हुई है।

विभाग ने दोनों अधिकारियों को गंदगी की स्थिति के लिए प्रथम दृष्टया जिम्मेदार बताया है। निर्देशों में कहा गया है कि वे निर्धारित समय में रायपुर नगर निगम आयुक्त के माध्यम से अपना पक्ष रखें। आयुक्त को जवाबों की जांच कर अपनी राय सहित रिपोर्ट संचालनालय को भेजने के लिए कहा गया है।

नोटिस छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 और छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तीन दिन में जवाब न मिलने पर यह माना जाएगा कि संबंधित अधिकारियों को अपने बचाव में कुछ कहना नहीं है।

ऐसी स्थिति में नियमों के अनुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जा सकती है। रायपुर नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था को पारदर्शी और परिणाम आधारित बनाने की दिशा में शहर को क्लस्टरों में बांटकर बीट-स्तर पर निगरानी की योजना भी चलाई जा रही है, जिसमें उपायुक्त जसदेव सिंह बाबरा को सक्रिय भूमिका सौंपी गई थी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment