सरगुजा।छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। लखनपुर थाना क्षेत्र में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने आरोपी प्रधान आरक्षक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज किया है।
मृतक की पहचान आशीष मिंज के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि लखनपुर थाने में तैनात प्रधान आरक्षक पन्नालाल द्वारा आशीष से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। रकम नहीं देने पर उसे उसकी प्रेमिका की आत्महत्या के मामले में झूठा फंसाने की धमकी दी जा रही थी।
परिजनों के अनुसार, लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव के कारण आशीष गहरे तनाव में चला गया था। आरोप है कि पुलिसकर्मी की प्रताड़ना से टूटकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले की शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद लखनपुर थाने में आरोपी प्रधान आरक्षक के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है।
इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मृतक के परिजन आरोपी पुलिसकर्मी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोष सिद्ध होने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



