रायपुर।राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की छत्तीसगढ़ इकाई में आगामी कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार अक्टूबर महीने में रायपुर पहुंचेंगे। इस दौरान वे एक बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
पार्टी के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम पांडे ने बताया कि शरद पवार के रायपुर दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजू झा 19 सितंबर को रायपुर पहुंचेंगे।

राजू झा अपने दौरे के दौरान प्रदेश के प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में संगठन की तैयारियों के साथ-साथ पार्टी की आगामी रणनीति पर भी चर्चा होगी।
कार्यक्रम स्थल का भी होगा निरीक्षण
राष्ट्रीय महासचिव राजू झा कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण भी करेंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में सुरक्षा, भीड़ और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी तैयारियों का जायजा लिया जाएगा।
पार्टी के मुताबिक, 19 सितंबर को होने वाली समीक्षा बैठक और स्थल निरीक्षण के बाद शरद पवार के रायपुर आगमन की अंतिम और आधिकारिक तारीख की घोषणा की जाएगी।
पार्टी नेताओं का कहना है कि शरद पवार का यह दौरा छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने वाला होगा। सम्मेलन के जरिए प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और संगठन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर भी काम किया जाएगा।







