जशपुर में दर्दनाक विमान हादसा: आरा पहाड़ से टकराया चार्टर्ड प्लेन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां सोमवार को एक चार्टर्ड विमान भीषण हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि विमान आरा पहाड़ के ऊपर से गुजर रहा था, तभी अचानक वह पहाड़ की ऊंची चोटियों से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही उसके परखच्चे उड़ गए।

इस हादसे में पायलट और को-पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर के बाद जोरदार आवाज सुनाई दी और कुछ ही पलों में हादसे की खबर आसपास के गांवों में फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एसएसपी लाल उम्मेद सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत व बचाव कार्य जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान में पायलट और को-पायलट के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार था या नहीं।

हादसे से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें दुर्घटनास्थल की भयावह स्थिति साफ देखी जा सकती है। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment