जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कथित प्लेन क्रैश की खबर ने लोगों को कुछ समय के लिए दहशत में डाल दिया, लेकिन अब यह मामला पूरी तरह अफवाह साबित होता दिख रहा है। जिला कलेक्टर रोहित व्यास ने स्पष्ट किया है कि किसी भी विमान के लापता होने की जानकारी न तो छत्तीसगढ़ के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को मिली है और न ही पड़ोसी राज्यों ओडिशा और झारखंड के एटीसी ने ऐसी किसी घटना की पुष्टि की है।
जिस इलाके में प्लेन क्रैश की बात कही जा रही थी, वह तीन राज्यों की सीमाओं से जुड़ा जंगल क्षेत्र है। प्रशासन ने वहां की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की। लेकिन अब तक कहीं से भी किसी विमान हादसे के कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही दो तस्वीरों और जंगल से उठते धुएं ने इस अफवाह को हवा दी। दरअसल, इस तरह का धुआं अक्सर जंगल में आग लगने के कारण भी उठता है, जो गर्मी के मौसम में आम बात है। इसी दृश्य को लोगों ने प्लेन क्रैश से जोड़कर गलत जानकारी फैला दी।
हालांकि, प्रशासन ने मामले को हल्के में नहीं लिया। एहतियात के तौर पर ड्रोन की मदद से इलाके की निगरानी की जा रही है और वन विभाग की टीम भी मौके पर भेजी गई है, ताकि हर पहलू की जांच की जा सके। शुरुआती जांच में अब तक यही संकेत मिले हैं कि यह पूरी खबर केवल अफवाह थी, जिसका कोई वास्तविक आधार नहीं है।



