रायपुर। छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस पर राजनीति गरमा गई है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (JCCJ) के अध्यक्ष अमित जोगी को रायपुर पुलिस ने शनिवार सुबह उनके घर में नजरबंद (House Arrest) कर दिया। जानकारी के मुताबिक, जोगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन करने वाले थे, जिसके चलते प्रशासन ने यह कदम उठाया।
अमित जोगी का सोशल मीडिया पोस्ट वायरल
अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस पर आपके उत्सव में काले कपड़े पहनना अब अपराध बन गया है! मुझे घर में नजरबंद कर दिया गया क्योंकि मैं मिनी माता के नाम को मिटाए जाने के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध करना चाहता था। क्या लोकतंत्र इतना कमजोर हो गया है कि काले कपड़ों से डरने लगा है?”
जोगी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। पोस्ट कुछ ही घंटों में वायरल हो गया और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई।
विपक्ष का हमला, प्रशासन का बचाव
विपक्षी दलों ने अमित जोगी की नजरबंदी को “अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हमला” बताया है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कदम कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
स्थापना दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायपुर आगमन को देखते हुए शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कई राजनीतिक कार्यकर्ताओं पर भी नजर रखी जा रही है ताकि समारोह शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।



