छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को रायपुर पहुंचे। जैसे ही उनका विमान रायपुर एयरपोर्ट पर उतरा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पूरी व्यवस्था उच्च स्तर की निगरानी में थी।
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए एयरपोर्ट से लेकर नवा रायपुर तक का पूरा मार्ग फूलों और तिरंगे झंडों से सजाया गया। जगह-जगह लोगों ने हाथों में तिरंगे और बैनर लेकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एयरपोर्ट से नवा रायपुर तक वन-वे ट्रैफिक लागू किया गया है।
पीएम मोदी रायपुर में करीब 6 घंटे 45 मिनट तक रहेंगे। इस दौरान वे श्री सत्य साईं संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल में 2,500 बच्चों से ‘दिल की बात’ करेंगे और राज्य में विकास, संस्कृति और आस्था से जुड़े कई परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पारंपरिक नृत्य दल, जनजातीय समूह और हज़ारों नागरिक मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का अवसर है।







