पटना:विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने रविवार को एनडीए सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार किसी मल्लाह समुदाय के नेता को उपमुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है, जो सामाजिक समानता की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
सहनी ने कटिहार, अररिया और किशनगंज जिलों में आयोजित कई चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “बीते 20 वर्षों से एनडीए बिहार में सत्ता में है, फिर भी राज्य पिछड़ेपन की श्रेणी में गिना जाता है। भाजपा ने धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने का काम किया है।”
“बिहार को मजबूत नेतृत्व की जरूरत”
मुकेश सहनी ने कहा कि आज बिहार को एक दूरदर्शी और मजबूत मुख्यमंत्री की जरूरत है, जो राज्य को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ा सके। उन्होंने महागठबंधन के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगते हुए कहा कि यह चुनाव बिहार को नई दिशा देने का संकल्प है।
सहनी ने कहा, “हम लोग लालू यादव की सामाजिक न्याय की नीति को आगे बढ़ाने वाले हैं। आजाद भारत में पहली बार किसी मल्लाह के बेटे को डिप्टी सीएम फेस बनाया गया है, यह सामाजिक परिवर्तन की मिसाल है।”
“20 साल की सरकार, बिहार को क्या मिला?”
वीआईपी प्रमुख ने जनता से सवाल किया कि “बीते 20 सालों में एनडीए ने बिहार को सही अर्थों में क्या दिया?” उन्होंने कहा कि राज्य की गिनती अब भी पिछड़े प्रदेशों में होती है। अगर महागठबंधन की सरकार बनती है, तो युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए घोषित संकल्पों को पूरा किया जाएगा।
सहनी ने कहा कि अब वक्त है बिहार को बदलने का — “हमें नफरत नहीं, विकास की राजनीति करनी होगी।”







