रायपुर। छत्तीसगढ़ में आबकारी आरक्षक (Excise Constable) भर्ती प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मापदंड जांच पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की फाइनल मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है।
इस भर्ती प्रक्रिया का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) द्वारा किया गया था। विभाग के अनुसार, कुल 200 पदों पर नियुक्ति के लिए यह प्रक्रिया संचालित की गई, जिसमें 43 अभ्यर्थियों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक, इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 27 जुलाई 2025 को आयोजित की गई थी। इसके बाद 19 सितंबर 2025 को फाइनल आंसर की और परीक्षा परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए गए थे।
तीन गुना अभ्यर्थियों को मिला मौका
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विभाग ने तय रिक्तियों के मुकाबले लगभग तीन गुना अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया था।
128 अभ्यर्थी हुए बाहर
हालांकि, कई अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन के दौरान अनुपस्थित रहे या शारीरिक मापदंड में अयोग्य पाए गए। ऐसे कुल 128 उम्मीदवारों को प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। इस संबंध में 12 मार्च 2026 को विभाग द्वारा आधिकारिक आदेश भी जारी किया गया।
अब जारी हुई फाइनल सूची
शेष पात्र अभ्यर्थियों में से मेरिट के आधार पर 200 उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया गया है, जबकि 43 अभ्यर्थियों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है।
अभ्यर्थी अपनी मेरिट लिस्ट CG Vyapam Official Website पर जाकर देख सकते हैं।



