छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग पर सड़कों पर NSUI, तीन यूनिवर्सिटी का घेराव

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में छात्र राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। लंबे समय से बंद पड़े छात्रसंघ चुनावों को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर NSUI के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी सड़कों पर उतर आए।

राजधानी रायपुर में आज प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर प्रदेश के तीन बड़े विश्वविद्यालयों पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और आयुष विश्वविद्यालय का घेराव किया। इस दौरान छात्रों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को बुलंद किया।

सबसे ज्यादा तीखा प्रदर्शन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में देखने को मिला, जहां भारी संख्या में छात्र जुटे और माहौल काफी गरम रहा। प्रदर्शन के चलते विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई थी।

NSUI के प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल ने साफ शब्दों में कहा कि उनकी मुख्य मांग सिर्फ एक है प्रदेश में छात्रसंघ चुनावों को फिर से बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ ही छात्रों की आवाज को मजबूती देता है और उनके अधिकारों की रक्षा करता है।

प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली, हालांकि स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में कर लिया गया।

NSUI ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द कोई निर्णय नहीं लिया, तो यह आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। फिलहाल छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है और आने वाले दिनों में इसे और तेज करने की तैयारी की जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment