पुणे में एक महिला और स्थानीय युवक के बीच भाषा को लेकर हुआ विवाद इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक महिला से मराठी में संवाद करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन महिला इस पर साफ़ कहती है कि वह केवल हिंदी में ही बात करेगी।
महिला ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया। वीडियो में महिला स्पष्ट रूप से कहती है, “हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है और मैं उसी में बात करूंगी।” युवक लगातार उसे मराठी अपनाने को कहता है, लेकिन महिला इनकार करते हुए कहती है, “मैं मराठी नहीं जानती, और आप जो कुछ भी कह रहे हैं, वो मुझे समझ नहीं आ रहा है।”
बहस के दौरान महिला गुस्से में कहती है कि, “मैं इस राज्य को आपसे ज़्यादा टैक्स देती हूं। हम हिंदी भाषी लोग ईमानदारी से टैक्स चुकाते हैं, काला धन नहीं कमाते।” इस पर भी जब युवक अपनी बात पर अड़ा रहा, तो अंततः वह चुपचाप अपनी गाड़ी में बैठकर चला गया।
इस घटना ने महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में बढ़ते भाषा विवाद को फिर से उजागर कर दिया है। राज ठाकरे की मनसे जैसे दलों पर पहले भी क्षेत्रीय भाषा को लेकर तनाव फैलाने के आरोप लगते रहे हैं।







