नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब छात्रों की पढ़ाई पर भी पड़ने लगा है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मध्य पूर्व के कुछ देशों में आयोजित होने वाली कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है।
दरअसल, ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष के कारण क्षेत्र में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। सुरक्षा और परिस्थितियों को देखते हुए CBSE ने यह निर्णय लिया है कि 10 अप्रैल तक निर्धारित सभी परीक्षाएं रद्द कर दी जाएं।
इस संबंध में बोर्ड ने एक आधिकारिक सर्कुलर जारी किया है। यह आदेश खासतौर पर बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित CBSE से संबद्ध स्कूलों पर लागू होगा।
बोर्ड के अनुसार, इससे पहले 12 मार्च से 14 मार्च तक होने वाली परीक्षाओं को स्थगित किया गया था। बाद में हालात की समीक्षा करने के बाद बोर्ड ने आगे की परीक्षाओं को पूरी तरह रद्द करने का निर्णय लिया।
CBSE ने बताया कि 1 मार्च, 3 मार्च, 5 मार्च, 7 मार्च और 9 मार्च 2026 को जारी सर्कुलरों के आधार पर स्थिति की लगातार समीक्षा की गई। संबंधित देशों के स्कूलों और स्थानीय प्रशासन से मिले सुझावों को ध्यान में रखते हुए यह अंतिम फैसला लिया गया है।
15 दिनों से जारी है संघर्ष
पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच पिछले करीब 15 दिनों से लगातार सैन्य टकराव जारी है। इस संघर्ष में कई सैन्य अधिकारियों समेत हजारों लोगों की मौत की खबरें सामने आई हैं।
बढ़ते तनाव का असर केवल सुरक्षा और राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि टूरिज्म और ट्रैवल सेक्टर के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
CBSE ने कहा है कि छात्रों के हित और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है। आगे की स्थिति के अनुसार बोर्ड नई तारीखों या वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर अलग से सूचना जारी कर सकता है।



