गरियाबंद/राजिम।छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत दुतकैंया गांव में रविवार को दो पक्षों के बीच भड़की हिंसा ने उग्र रूप ले लिया। हालात बेकाबू होने के बाद प्रशासन ने पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
पुलिस ने हिंसा भड़काने के आरोप में तीन लोगों को देर रात गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है। इस मामले में राजिम थाने में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। गांव में फिलहाल सन्नाटा पसरा हुआ है और हालात कर्फ्यू जैसे बने हुए हैं।
पुराने विवाद से भड़की हिंसा
जानकारी के अनुसार, मूर्ति क्षतिग्रस्त करने के पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते-ही-देखते हिंसक झड़प में बदल गई। उग्र भीड़ ने कई घरों और वाहनों में आग लगा दी तथा घरों में घुसकर लोगों के साथ मारपीट की।
हमलावरों ने राह से गुजर रहे युवकों पर हमला किया। सब-स्टेशन में ड्यूटी कर रहे अरविंद साहू के सिर पर गंभीर वार किया गया, जबकि राजिम मेला जा रहे नरेंद्र साहू के हाथ पर हमला हुआ। इसके अलावा रेखु यादव और परमानंद साहू के साथ भी मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि तीन लोगों को करीब चार घंटे तक बंधक बनाकर पीटा गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
आरोपी के घर में आग, मिर्च पाउडर से भड़की भीड़
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण आरोपी के घर पहुंचे। इस दौरान घर के भीतर मौजूद लोगों द्वारा मिर्च पाउडर फेंकने से भीड़ और भड़क गई। गुस्साई भीड़ ने एक आरोपी के घर में आग लगा दी। इसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के करीब एक दर्जन मकानों में तोड़फोड़ और आगजनी कर दी।
पुलिस-भीड़ में पत्थरबाजी, जवान घायल
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें करीब पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं छह ग्रामीणों को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।
पूरा गांव पुलिस घेरे में
घटना के बाद प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। राजिम, फिंगेश्वर और महासमुंद थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त बल मौके पर तैनात है। दमकल वाहन भी अलर्ट पर रखे गए हैं। कई संवेदनशील घरों के बाहर रातभर पुलिस पहरा दे रही है। आगजनी और तोड़फोड़ से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
साहू समाज और बजरंग दल का आक्रोश
हिंसा की खबर मिलते ही साहू समाज और बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। साहू समाज अध्यक्ष परमेश साहू ने आरोप लगाया कि शिवलिंग तोड़फोड़ मामले का आरोपी खुलेआम घूम रहा था और उसी ने जानलेवा हमला किया। संगठनों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
SP का बयान
गरियाबंद एसपी वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। घटना में शामिल सभी दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।







