छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट 26 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। यह दौरा संगठन को मजबूत करने, वर्तमान राजनीतिक स्थिति को समझने और SIR अभियान की प्रगति की समीक्षा करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पायलट अपने इस दौरे में कई जिलों में पार्टी कार्यक्रमों में शामिल होंगे और स्थानीय नेतृत्व से सीधे संवाद करेंगे।
दौरे की शुरुआत 26 नवंबर की दोपहर 12:30 बजे रायपुर पहुंचने से होगी। रायपुर से वे सीधे धमतरी के लिए रवाना होंगे, जहां वे ‘संविधान बचाओ दिवस’ के प्रमुख कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुँचाना और वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्यों पर चर्चा करना है। धमतरी में कार्यक्रमों के बाद सचिन पायलट SIR अभियान की समीक्षा बैठक लेंगे, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों से अभियान की प्रगति, चुनौतियों और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
धमतरी के बाद पायलट कोंडागांव और फिर कांकेर पहुंचेंगे, जहां वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों के साथ विशेष समीक्षा बैठक करेंगे। इन बैठकों का मकसद आगामी समय में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूती देना तथा जमीनी कार्यों का आकलन करना है।
दिनभर के कार्यक्रमों के बाद सचिन पायलट देर शाम जगदलपुर पहुंचेंगे। अगले दिन यानी 27 नवंबर को वे यहां SIR अभियान की विस्तृत समीक्षा करेंगे और मीडिया से भी बातचीत करेंगे। इसके बाद शाम को वे वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
इस दौरे को कांग्रेस के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह संगठन को सक्रिय करने, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी परखने और कार्यकर्ताओं व नेतृत्व के बीच संवाद बढ़ाने का एक बड़ा अवसर है। चर्चा यह भी है कि पायलट के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले जिलाध्यक्षों की नई सूची जारी की जा सकती है। राजस्थान और तेलंगाना में हाल ही में जिलाध्यक्षों की सूची आ चुकी है, इसलिए अब छत्तीसगढ़ की सूची का इंतजार है। माना जा रहा है कि पायलट की यात्रा से पहले ही यह सूची जारी की जा सकती है।



