नई दिल्ली: देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर चुनाव आयोग ने कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। आयोग ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में मतदान की तारीखें तय कर दी हैं। चुनावी शेड्यूल जारी होते ही इन सभी राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
चुनाव आयोग के अनुसार, इन राज्यों में मतदान प्रक्रिया अप्रैल में पूरी कर ली जाएगी, जबकि मतगणना 4 मई 2026 को होगी।
इन तारीखों पर होगा मतदान
घोषित कार्यक्रम के मुताबिक असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में 9 अप्रैल 2026 को वोटिंग होगी।
वहीं पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा, जहां 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इसके अलावा तमिलनाडु में भी 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा।
सभी पांच राज्यों में पड़े वोटों की गिनती 4 मई 2026 को की जाएगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित होंगे।
मई में खत्म होगा विधानसभा का कार्यकाल
बताया जा रहा है कि इन राज्यों की मौजूदा विधानसभाओं का कार्यकाल मई 2026 में समाप्त हो रहा है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई, तमिलनाडु का 10 मई, असम का 20 मई और केरल का 23 मई को समाप्त हो जाएगा।
वहीं पुडुचेरी विधानसभा का कार्यकाल 15 जून तक है।
सभी बूथों पर होगी 100% वेबकास्टिंग
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए इस बार हर मतदान केंद्र पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। इससे मतदान प्रक्रिया की निगरानी करना आसान होगा और चुनाव की निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सकेगी।







