स्कूल बंद और विलय पर कमलनाथ का सरकार पर हमला

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकारी स्कूलों के बंद और विलय को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कमलनाथ ने आरोप लगाया कि सरकार के कुप्रबंधन के कारण प्रदेश में लाखों बच्चे स्कूल छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।

कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार देश की सबसे ज्यादा शिक्षा विरोधी सरकार है। उन्होंने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले वर्ष करीब 15 लाख बच्चे, जबकि इस वर्ष लगभग 12 लाख बच्चे स्कूल छोड़ने को मजबूर हुए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों के स्कूल छोड़ने की सबसे बड़ी वजह सरकार द्वारा स्कूलों को बंद करना या उनका विलय करना है। कमलनाथ के मुताबिक, स्कूलों के अचानक बंद या मर्ज किए जाने से बच्चों के सामने नजदीकी स्कूल में पढ़ाई जारी रखने की समस्या खड़ी हो रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देशभर में बंद या मर्ज किए गए स्कूलों में आधे से अधिक स्कूल मध्य प्रदेश के हैं। उन्होंने इसे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।

कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों को मजबूत करने और बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के बजाय सरकार स्कूलों को बंद या मर्ज करने की नीति पर आगे बढ़ रही है। इसका सबसे ज्यादा असर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों पर पड़ रहा है।

उन्होंने सरकार से सवाल किया कि यदि स्कूलों के बंद और विलय के कारण बड़ी संख्या में बच्चे शिक्षा से दूर हो रहे हैं, तो सरकार इस स्थिति को रोकने के लिए क्या कदम उठा रही है?

कमलनाथ के इस बयान के बाद प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और सरकारी स्कूलों के बंद एवं विलय का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment