कांकेर में पूर्व कांग्रेस नेता की संदिग्ध आत्महत्या, हाल ही में जेल से आए थे बाहर

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर शहर में पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह संजय नगर स्थित गौठान परिसर में उनका शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

मिली जानकारी के अनुसार, नवाज अली हाल ही में जेल से बाहर आए थे। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले कोदागांव क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे के मामले में उनका नाम सामने आया था। आरोप था कि उनकी कार की टक्कर से एक पंचायत सचिव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

इस मामले में पुलिस ने नवाज अली के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया था। हाल ही में उनकी रिहाई हुई थी। रिहाई के कुछ समय बाद ही उन्होंने यह कदम उठा लिया। हालांकि, घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment