बलरामपुर, 7 नवंबर 2025। बलरामपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। जिले के भेलाई खुद गांव में एक क्रशर संचालक और उसके साथियों ने डीजल चोरी के शक में दो युवकों को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। आरोपियों की यह करतूत कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना बरियो चौकी क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि क्रशर प्लांट में पिछले कुछ समय से पेट्रोल-डीजल की चोरी हो रही थी। इस पर संदेह जताते हुए संचालक दीपक अग्रवाल, जो अंबिकापुर के कुंडला सिटी के रहने वाले हैं, ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो युवकों को पकड़ लिया। इनमें से एक युवक क्रशर प्लांट में पोकलेन मशीन का ऑपरेटर बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपियों ने युवकों के हाथ-पैर रस्सी और पाइप से बांध रखे हैं और उन पर लात-घूंसों और जूतों से ताबड़तोड़ वार किए जा रहे हैं। एक युवक को कमरे में बंद कर बुरी तरह पीटा गया, वहीं दूसरे युवक के कपड़े उतरवाकर उसे अर्धनग्न अवस्था में पूछताछ की गई। बताया गया है कि मारपीट करने वालों की संख्या आधा दर्जन से अधिक थी।
इस घटना के वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है। बरियो चौकी प्रभारी रवीन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित युवक की पहचान कर ली गई है और उसे पूछताछ के लिए चौकी बुलाया गया है। वहीं बलरामपुर एसपी विश्वदीपक त्रिपाठी ने कहा कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में है और मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर गहरी नाराजगी जताई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पीड़ित अब तक शिकायत दर्ज कराने से हिचक रहा है क्योंकि उसे हमलावरों का डर सता रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।







