रायपुर। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत परशुराम नगर (पुरैना) में धर्मांतरण के मामले ने जोर पकड़ लिया। यहां स्थानीय लोगों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ लोग लालच और प्रलोभन देकर धर्मांतरण करा रहे थे। इसी को लेकर रविवार देर शाम भारी हंगामा हुआ और हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध जताया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और धर्मांतरण कराने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं।
इलाज और पैसों का लालच देने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ईसाई धर्म से जुड़े परिचारक और पहले से धर्मांतरित कुछ लोग इलाज और आर्थिक सहायता का लालच देकर मतांतरण करा रहे थे। इनमें गायत्री यादव, प्रफुल्ला पन्का, किशोर सेनापति, चौधरी बेसरा, आशीष नाग और सिकंदर सिंह के नाम सामने आए हैं।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना है कि रितु राजपूत नामक महिला को इलाज के बहाने मतांतरण के लिए दबाव डाला गया। इस सूचना के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने मयाराम के घर में प्रवेश कर विरोध प्रदर्शन किया।
एफआईआर दर्ज की जा रही है
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि परशुराम नगर के निवासियों ने लिखित शिकायत दी है। इसके आधार पर दो महिलाओं और चार पुरुषों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और एफआईआर दर्ज की जा रही है।







