सार
बॉक्स ऑफिस पर बीते हफ्ते कई बड़ी और चर्चित फिल्में रिलीज हुईं, जिनमें हॉरर, पौराणिक और ड्रामा जैसे अलग-अलग जॉनर की कहानियां देखने को मिलीं। हालांकि, उम्मीदों पर खरी उतरने वाली फिल्में गिनी-चुनी ही रहीं।
विस्तार
‘मां’ में काजोल की हॉरर एंट्री दर्शकों को कुछ खास पसंद नहीं आई। फिल्म ने 7 दिनों में महज 26.65 करोड़ की ही कमाई की। गुरुवार को इसका बिजनेस गिरकर 1.65 करोड़ पर आ गया, जबकि बुधवार को ये आंकड़ा 1.85 करोड़ था। ‘मेट्रो इन दिनो’ की एंट्री के बाद फिल्म के और गिरने की आशंका है।

‘कन्नप्पा’, जिसे विष्णु मांचू ने बड़े बजट और प्रचार के साथ पेश किया, बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। पहले दिन के 9.35 करोड़ के कलेक्शन के बाद इसमें लगातार गिरावट देखी गई। कुल मिलाकर 7 दिनों में फिल्म ने 30.10 करोड़ की कमाई की है। गुरुवार को केवल 1.25 करोड़ और बुधवार को 1.35 करोड़ ही जुटा सकी।

वहीं, हॉलीवुड की ‘F1’, जिसमें ब्रैड पिट लीड रोल में हैं, भारतीय दर्शकों को खासा पसंद आ रही है। फिल्म ने गुरुवार को 3.7 करोड़, बुधवार को 3.48 करोड़ का कलेक्शन किया। सात दिन में इसका कुल कारोबार 35.68 करोड़ तक पहुंच गया है, जो बाकी हिंदी फिल्मों से कहीं बेहतर है।

आमिर खान की फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ ने अपनी रिलीज के दो हफ्ते पूरे कर लिए हैं और अब भी स्थिर प्रदर्शन कर रही है। गुरुवार और बुधवार दोनों दिन फिल्म ने 2.75 करोड़ कमाए। अब तक फिल्म का टोटल कलेक्शन 135.65 करोड़ हो चुका है।

धनुष स्टारर ‘कुबेर’ पहले हफ्ते में तो 69 करोड़ कमा गई थी, लेकिन दूसरे हफ्ते इसका प्रदर्शन कमजोर रहा। गुरुवार को फिल्म ने सिर्फ 89 लाख, बुधवार को 95 लाख कमाए। अब तक कुल मिलाकर फिल्म ने 84.59 करोड़ की कमाई की है।




