मुंबई:बॉलीवुड के एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ को हाल ही में एक अनोखा तोहफा मिला है, वो भी खुद सुपरहीरो सुपरमैन से! सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में हाल ही में रिलीज़ हुई हॉलीवुड फिल्म ‘सुपरमैन’ की हिंदी डबिंग में टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘बागी’ का ज़िक्र किया गया है।
इस वीडियो को खुद टाइगर श्रॉफ ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया है और लिखा, “सुपरमैन का अप्रूवल भी मिल गया”, साथ में एक दिल का इमोजी भी शेयर किया।
वीडियो क्लिप में दिखाया गया है कि फिल्म की एक सीन में सुपरमैन और एक महिला किरदार के बीच बातचीत होती है। महिला कहती है, “मैं नुक्कड़ नाटक करने वाली बागी लड़की हूं और तुम सुपरमैन हो।” इस पर सुपरमैन जवाब देता है, “मैं भी बागी हूं।” जब महिला पूछती है, “तुम बागी नहीं हो?”, तो सुपरमैन कहता है, “मुझे 90 की ‘बागी’ से लेकर ‘बागी 1’ से ‘बागी 4’ तक सब पसंद है।” यह सुनकर सोशल मीडिया पर लोग हंस रहे हैं और टाइगर श्रॉफ के फैंस बेहद उत्साहित हैं।
‘बागी 4’ जल्द होगी रिलीज:
टाइगर श्रॉफ की ‘बागी 4’ की शूटिंग हाल ही में पूरी हुई है, जिसमें अभिनेता संजय दत्त भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म इस वर्ष सितंबर 2025 में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। पहले की तीनों फिल्मों की तरह इसमें भी दमदार एक्शन और स्टंट्स की उम्मीद की जा रही है।







