100 करोड़ की ओर बढ़ रही जॉली एलएलबी 3, जानिए पांचवें दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

लोकप्रिय कोर्टरूम ड्रामा फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त ‘जॉली एलएलबी 3’ सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। अक्षय कुमार और अरशद वारसी की जोड़ी को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। फिल्म के कलेक्शन में पहले वीकेंड में जबरदस्त उछाल देखने को मिला, वहीं अब वीकडे पर भी इसका ग्राफ अच्छा बना हुआ है।

शुक्रवार को हुई थी रिलीज़

‘जॉली एलएलबी 3’ का प्रीमियर 19 सितंबर, शुक्रवार को हुआ। रिलीज़ के साथ ही इसने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की। वहीं, दूसरी फिल्मों के मुकाबले इसने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी। मंगलवार को फिल्म ने रिलीज़ के पांच दिन पूरे कर लिए हैं। आइए जानते हैं इसका ताज़ा कलेक्शन।

पहले वीकेंड में शानदार कमाई

सुभाष कपूर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर 12.5 करोड़ रुपये का बिज़नेस किया। दूसरे दिन शनिवार को कलेक्शन 20 करोड़ रुपये पहुंचा और तीसरे दिन रविवार को यह 21 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

सोमवार और मंगलवार का कारोबार

पहले सोमवार को फिल्म की कमाई में गिरावट दर्ज हुई और इसने केवल 5.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं मंगलवार को पांचवें दिन ‘जॉली एलएलबी 3’ ने 5.1 करोड़ रुपये का बिज़नेस किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 64.1 करोड़ रुपये हो गया है। अब फिल्म 100 करोड़ क्लब में एंट्री लेने की ओर बढ़ रही है।

किसानों की कहानी ने छुआ दिल

लगातार फ्लॉप हो रहीं सीक्वल फिल्मों के बीच ‘जॉली एलएलबी 3’ दर्शकों के बीच हिट साबित हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस फिल्म का बजट लगभग 120 करोड़ रुपये है। इसमें अक्षय और अरशद के साथ सौरभ शुक्ला, हुमा कुरैशी, गजराज राव, सीमा बिस्वास और राम कपूर भी दमदार भूमिकाओं में नजर आए हैं।

फिल्म की कहानी किसानों की जमीन बचाने की जद्दोजहद के इर्द-गिर्द घूमती है। भ्रष्ट तंत्र से हारकर किसान आत्महत्या कर लेता है, जिसके बाद उसकी विधवा (सीमा बिस्वास) न्याय की लड़ाई लड़ती है। कोर्टरूम ड्रामा के साथ यह फिल्म समाज को एक गहरा संदेश देती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment