सार
इस हफ्ते हिंदी, साउथ और हॉलीवुड की फिल्मों के प्रदर्शन में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। जहां कुछ फिल्मों ने दर्शकों का दिल जीता और कमाई में आगे रहीं, वहीं कुछ बड़े नाम भी फीके साबित हुए। हॉलीवुड की ‘F1’ ने सबसे ज़्यादा सुर्खियां बटोरीं और कमाई के मामले में अन्य फिल्मों को पीछे छोड़ दिया।
विस्तार
‘मां’ की कमाई में आई गिरावट
काजोल स्टारर ‘मां’ ने शुरुआती दिनों में अच्छी ओपनिंग दी, लेकिन जैसे-जैसे हफ्ता आगे बढ़ा, फिल्म की गति धीमी होती गई। बुधवार को फिल्म ने सिर्फ 1.75 करोड़ का बिजनेस किया। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन 24.90 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है, जबकि फिल्म का अनुमानित बजट 65 करोड़ रुपये है।

‘कन्नप्पा’ की उम्मीदों पर पानी फिरा
अक्षय कुमार, मोहनलाल और प्रभास जैसे बड़े कलाकारों से सजी ‘कन्नप्पा’ से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं। लेकिन फिल्म ने 5 दिनों में केवल 28.65 करोड़ रुपये की कमाई की है। बुधवार को फिल्म का बिजनेस गिरकर 1.15 करोड़ रुपये रह गया, जो चिंता का विषय है।

‘F1’ बनी हिट मशीन
ब्रैड पिट की रेसिंग आधारित फिल्म ‘F1’ भारतीय दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। मंगलवार को फिल्म ने 3.75 करोड़ और बुधवार को 3.50 करोड़ रुपये कमाए। अब तक कुल कलेक्शन 32 करोड़ पार कर चुका है, जो हॉलीवुड फिल्मों के लिए शानदार माना जा रहा है।

‘सितारे ज़मीन पर’ ने बनाए रखी चमक
आमिर खान की ‘सितारे ज़मीन पर’ ने अब तक सबसे अधिक कमाई की है। हालांकि, बुधवार को फिल्म की इनकम थोड़ी घटी और यह 2.75 करोड़ रुपये रही। अब तक फिल्म ने 132.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।

‘कुबेर’ की स्थिति नाजुक
धनुष, नागार्जुन और रश्मिका मंदाना की ‘कुबेर’ ने पहले दिन 14.75 करोड़ की ओपनिंग दी, लेकिन जल्द ही ग्राफ नीचे गिरता चला गया। बुधवार को फिल्म सिर्फ 80 लाख कमा सकी। अब तक कुल कलेक्शन 83.55 करोड़ तक पहुंच पाया है।








