मुंबई।बॉलीवुड एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपनी अगली फिल्म ‘ब्लाइंड बाबू’ (Blind Babu) को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। निर्माता रवि वर्मा ने फिल्म के सेट से तस्वीरें शेयर कर फैंस को सरप्राइज दिया।
इंस्टाग्राम पर शेयर हुई तस्वीरें
फिल्ममेकर रवि वर्मा ने इंस्टाग्राम पर नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ तस्वीरें साझा कीं। एक फोटो में नवाजुद्दीन फिल्म का क्लैपरबोर्ड पकड़े दिखाई दे रहे हैं। टीम की एक ग्रुप फोटो भी शेयर की गई है। पोस्ट में लिखा गया— “अब बम फटेगा या कुछ और? तैयार हो जाइए उस रहस्य और डार्क कॉमेडी के लिए जो ब्लाइंड बाबू लेकर आ रहा है।”
फिल्म की स्टारकास्ट
‘ब्लाइंड बाबू’ में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ जाकिर हुसैन, पवन मल्होत्रा और मुकेश तिवारी जैसे दमदार कलाकार भी अहम रोल निभाते नजर आएंगे। हालांकि, बाकी कलाकारों और क्रू को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
नवाजुद्दीन सिद्दीकी का करियर
नवाजुद्दीन ने फिल्म ‘सरफरोश’ से बॉलीवुड में कदम रखा, लेकिन उन्हें पहचान ‘पीपली लाइव’, ‘कहानी’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ और ‘द लंचबॉक्स’ जैसी फिल्मों से मिली। उन्होंने ‘सेक्रेड गेम्स’ जैसी हिट वेब सीरीज़ में भी काम किया है। अपने शानदार अभिनय के लिए उन्हें दो नेशनल अवॉर्ड्स और कई फिल्मफेयर अवॉर्ड्स से नवाजा गया है।



