ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन के बाद एक बार फिर नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम आमने-सामने होंगे। विश्व एथलेटिक्स ने पुष्टि की है कि दोनों दिग्गज एथलीट 16 अगस्त को पोलैंड के सिलेसिया में होने वाली डायमंड लीग में भाला फेंक स्पर्धा में हिस्सा लेंगे।
यह मुकाबला भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि पिछले साल के पेरिस ओलंपिक में पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था, जबकि नीरज चोपड़ा 89.45 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा था।
डायमंड लीग आयोजकों का कहना है कि यह मुकाबला नीरज के लिए “हिसाब बराबर” करने का सुनहरा मौका है।
नीरज इस सीजन बेहतरीन फॉर्म में हैं। वे 90 मीटर से ऊपर थ्रो करने वाले दुनिया के 26वें भाला फेंक खिलाड़ी बन चुके हैं। उन्होंने मई में दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक भी अपने नाम किया।
पेरिस ओलंपिक के बाद नीरज ने कई शीर्ष स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लिया — जैसे चोरजो (पोलैंड), ओस्ट्रावा (चेक गणराज्य), और बेंगलुरु में आयोजित एनसी क्लासिक, जिसे उन्होंने विजेता के रूप में समाप्त किया। उन्होंने पेरिस डायमंड लीग में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 88.16 मीटर थ्रो के साथ खिताब अपने नाम किया था।
अब सारी निगाहें नीरज बनाम नदीम की इस बहुप्रतीक्षित भिड़ंत पर होंगी, जो सिलेसिया डायमंड लीग का सबसे बड़ा आकर्षण बनने जा रहा है।







