गाज़ा पट्टी में इस्राइली वायु हमलों का कहर जारी है। बीते 48 घंटों में हुए हमलों में कम से कम 52 फिलीस्तीनियों की मौत हो गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इस्राइली रक्षा बल (IDF) ने दावा किया कि उसने 250 से अधिक हमास ठिकानों को निशाना बनाया है।
मध्य गाज़ा स्थित दीर अल-बलाह इलाके में शुक्रवार रात शुरू हुए हमलों में 13 नागरिकों की जान गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। वहीं, खान यूनिस और रफ़ा में भी कई नागरिक हमलों का शिकार हुए। रफा में 24 लोगों को उस वक्त गोली मार दी गई जब वे राहत सामग्री लेने जा रहे थे।
आईडीएफ का कहना है कि जिन ठिकानों पर हमला किया गया, उनमें हथियार भंडार, सुरंगें, मिसाइल लॉन्च साइट और हमास के लड़ाकों की पोजिशन शामिल थीं।
अक्तूबर 2023 में हमास ने इस्राइल पर बड़े हमले किए थे, जिसमें 1200 लोग मारे गए थे और 250 से ज्यादा को बंधक बना लिया गया था। अभी भी लगभग 50 बंधक हमास के कब्जे में हैं।
गाज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक इस युद्ध में 57,000 से ज्यादा फिलीस्तीनी मारे जा चुके हैं, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह दावा किया है कि एक नया संघर्षविराम समझौता लगभग तैयार है, जिससे कुछ और बंधकों की रिहाई संभव हो सकती है। हालांकि, इस्राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू से बातचीत के बावजूद अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है।







