क्रिकेट जगत में 2025 का साल शुभमन गिल और न्यूजीलैंड के मैट हेनरी के नाम रहा है। दोनों खिलाड़ियों ने इस साल वनडे और टेस्ट, दोनों प्रारूपों में प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीतकर खास उपलब्धि हासिल की है।
हाल ही में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में घातक गेंदबाजी करते हुए 16 विकेट झटके, जिसमें दो बार 5 विकेट हॉल शामिल रहे। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। इससे पहले हेनरी ने साल की शुरुआत में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में नौ विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द सीरीज जीता था।

भारत के कप्तान शुभमन गिल भी 2025 में शानदार फॉर्म में रहे। इंग्लैंड के खिलाफ हालिया पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में उन्होंने 10 पारियों में 75.40 की औसत से 754 रन बनाए, जिसमें चार शतक शामिल रहे। इसके चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब मिला। इससे पहले, इसी साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में गिल ने 259 रन (औसत 86.33, 1 शतक, 2 अर्धशतक) बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज बने।

गिल ने 2023 से अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (तीनों प्रारूप मिलाकर) में 85 मैचों की 105 पारियों में 48.17 की औसत से 4577 रन बनाए हैं, जिसमें 16 शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। वह इस अवधि में दुनिया के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, यहां तक कि उन्होंने भारत के दिग्गज रोहित शर्मा (3256 रन) और विराट कोहली (3001 रन) को भी पीछे छोड़ दिया है।

श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस 4341 रन के साथ दूसरे और इंग्लैंड के जो रूट 3833 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
रोहित शर्मा ने इस अवधि में 8 शतक और 19 अर्धशतक लगाए, जबकि विराट कोहली ने 10 शतक और 14 अर्धशतक बनाए।
शुभमन गिल फिलहाल भारतीय टीम के टेस्ट कप्तान और वनडे उपकप्तान हैं। रोहित और कोहली के टेस्ट और टी20 से संन्यास के बाद गिल को भविष्य का पूर्णकालिक वनडे कप्तान भी माना जा रहा है।







