नई दिल्ली।भारत की स्टार शटलर और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया की नंबर-2 खिलाड़ी चीन की वांग झी यी को मात दी। इस जीत के साथ सिंधू ने क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है।
मंगलवार को खेले गए महिला एकल प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सिंधू ने वांग को 21-19, 21-15 से हराया। मात्र 48 मिनट में खत्म हुए इस मैच में सिंधू पूरी तरह से लय में नजर आईं। 15वीं रैंकिंग वाली सिंधू ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहले गेम को 21-19 से अपने नाम किया। इसके बाद दूसरे गेम में भी उन्होंने दबदबा बनाए रखते हुए जीत दर्ज की। इस मुकाबले के बाद सिंधू और वांग झी का आमने-सामने का रिकॉर्ड 3-2 हो गया है।
सिंधू 2019 में विश्व खिताब अपने नाम कर चुकी हैं और अब वह एक बार फिर इस चैंपियनशिप में पदक की मजबूत दावेदार बन गई हैं। पांच बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता सिंधू के प्रदर्शन से भारतीय फैंस में जबरदस्त उत्साह है।
ध्रुव कपिला-तनिषा क्रास्टो की जोड़ी ने भी मारी बाजी
महिला एकल के साथ-साथ भारत की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने हांगकांग की विश्व रैंकिंग में 5वें स्थान पर काबिज जोड़ी तांग चुन मान और त्से यिंग सुएट को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
63 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने पहले गेम हारने के बाद शानदार वापसी की और मैच को 19-21, 21-12, 21-15 से अपने नाम किया। इससे पहले उन्होंने आयरलैंड की जोड़ी जोशुआ मैगी और मोया रयान को 35 मिनट में 21-11, 21-16 से हराया था।



