रायपुर।छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को अब अंतरराष्ट्रीय खेल कमेंटेटर जसवंत क्लाडियस का साथ मिल गया है। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में उनकी कमेंट्री से मैचों की प्रस्तुति और दर्शकों के अनुभव को नई ऊंचाइयां मिलेगी। जसवंत क्लाडियस खेल पत्रकारिता और कमेंट्री के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके हैं और उनकी आवाज तथा खेल की गहरी समझ लीग को और अधिक रोमांचक बनाएगी।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग कर रहा है। यह प्रदेश की पहली फ्रेंचाइजी आधारित हॉकी लीग है, जिसका उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच देना और जमीनी स्तर पर हॉकी को बढ़ावा देना है। लीग में छह टीमें खिताब के लिए मुकाबला कर रही हैं और इसमें 132 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 108 छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी हैं।
रायपुर में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चल रही इस लीग में राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस की टीमें हिस्सा ले रही हैं। कुल 18 मैचों के बाद सेमीफाइनल और फाइनल खेला जाएगा। लीग की टैगलाइन “चलो रे संगी, हॉकी खेलबो” है, जो प्रदेश की हॉकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य को दर्शाती है।
जसवंत क्लाडियस के शामिल होने से लीग के प्रसारण और कमेंट्री की गुणवत्ता को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। अनुभवी कमेंटेटर की मौजूदगी न केवल मैदान के रोमांच को दर्शकों तक पहुंचाएगी, बल्कि हॉकी की तकनीक, रणनीति और खिलाड़ियों की कहानियों को भी बेहतर ढंग से समझाएगी। इससे छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की पहुंच और लोकप्रियता बढ़ने की संभावना है।






