नकटी के अज्ञात ग्रामीणों पर बलवा केस, वीडियो फुटेज से होगी पहचान

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।रायपुर के नकटी गांव में विधायक कॉलोनी के लिए हुई बुलडोजर कार्रवाई अब कानूनी मोड़ ले चुकी है। अतिक्रमण हटाने के दौरान हुए हंगामे के बाद पुलिस ने अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ बलवा समेत BNS की कई धाराओं में केस दर्ज किया है।

प्रशासन का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने सरकारी कर्मचारियों के काम में रुकावट डाली और उनके साथ धक्का-मुक्की भी की। इसी शिकायत के आधार पर माना थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अब पुलिस घटनास्थल के वीडियो फुटेज, तस्वीरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। हंगामा करने वालों को चिन्हित कर आगे कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के लिए नकटी गांव में करीब 80 मकानों को हटाया गया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास योजना के 32 मकान भी शामिल बताए जा रहे हैं। इस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई थी।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने पहले से ही बड़े स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की थी। इलाके में एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

अब मामला सिर्फ अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि कानूनी और सियासी बहस का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment