DJ डांस में खूनी झड़प: चाकूबाजी से एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्दा में शनिवार देर रात DJ डांस प्रतियोगिता के दौरान दो गुटों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद मारपीट में बदला और इसके बाद चाकूबाजी हो गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, डीजे डांस प्रतियोगिता देखने के लिए आसपास के गांवों से कई युवक पहुंचे थे। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते बढ़ती गई और मारपीट के बाद चाकू से हमले की घटना हो गई।

इस घटना में ग्राम कोमा निवासी 22 वर्षीय डेनिल दीवान की मौके पर ही जान चली गई। वहीं मनु दीवान, सोमनाथ दीवान और मनीष दीवान गंभीर रूप से घायल हुए। तीनों घायलों को उपचार के लिए महासमुंद के सोहम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने में जुट गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वारदात में ग्राम आंवराडबरी और ग्राम कन्हारपुरी के चार युवकों की संदिग्ध भूमिका होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने संदेह के आधार पर चारों युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

पुलिस विवाद की असली वजह, हमले में शामिल लोगों की भूमिका और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव और हड़कंप का माहौल बना हुआ है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment