बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान और साउथ सिनेमा के मेगास्टार रजनीकांत को एक साथ बड़े पर्दे पर देखने की चर्चा इन दिनों तेज हो गई है। कहा जा रहा है कि रजनीकांत की आगामी फिल्म जेलर 2 में शाहरुख खान का कैमियो हो सकता है। हालांकि इस बारे में फिल्म के निर्माताओं की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दरअसल, यह चर्चा तब शुरू हुई जब अभिनेता मोहनलाल के स्टाइलिस्ट जिहाद शमसुद्दीन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट के बाद फैंस के बीच यह कयास लगाए जाने लगे कि फिल्म में कई बड़े सितारे एक साथ नजर आ सकते हैं।
पोस्ट से बढ़ी फैंस की उत्सुकता
जिहाद शमसुद्दीन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एआई से तैयार की गई एक तस्वीर साझा की थी। इस तस्वीर में ग्रे हेयर लुक में शाहरुख खान कार चलाते दिख रहे हैं। उनके साथ आगे की सीट पर मोहनलाल बैठे नजर आते हैं, जबकि पीछे की सीट पर रजनीकांत और कन्नड़ स्टार शिव राजकुमार दिखाई देते हैं।
तस्वीर के कैप्शन में लिखा गया था कि फैंस फिल्म में ऐसा सीन देखने का इंतजार कर रहे हैं। इस पोस्ट को री-शेयर करते हुए जिहाद ने तमिल में लिखा — “कंदिप्पा इरुक्कुम”, जिसका मतलब होता है “पक्का होगा।” इसी टिप्पणी के बाद से सोशल मीडिया पर चर्चा और तेज हो गई है।
पहले भी मिल चुका है रजनीकांत को ट्रिब्यूट
इससे पहले शाहरुख खान की फिल्म Ra.One में रजनीकांत के लोकप्रिय किरदार चिट्टी का एक कैमियो सीन दिखाया गया था। हालांकि बाद में अभिनेता सुरेश मैनन ने बताया था कि उस सीन में खुद रजनीकांत मौजूद नहीं थे।
वहीं चेन्नई एक्सप्रेस के मशहूर गाने लूंगी डांस में भी रजनीकांत को खास अंदाज में ट्रिब्यूट दिया गया था।
‘जेलर 2’ में हो सकता है बड़ा स्टार कनेक्शन
2023 में रिलीज हुई फिल्म जेलर में मोहनलाल ने मैथ्यू नाम के किरदार में छोटा लेकिन दमदार कैमियो किया था। बताया जा रहा है कि वह सीक्वल में भी नजर आ सकते हैं।
अगर शाहरुख खान का कैमियो सच साबित होता है, तो यह पहली बार होगा जब शाहरुख खान और रजनीकांत एक साथ स्क्रीन साझा करते दिखाई देंगे।
फिलहाल शाहरुख खान अपनी अगली फिल्म किंग की शूटिंग में व्यस्त हैं। यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।







