राखी से पहले रायपुर की तीन सगी बहनों की मौत से हड़कंप

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी एक परिवार की तीन मासूम सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। यह परिवार फिलहाल मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के बेटमा में रह रहा था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, बेटमा में खाना खाने के बाद 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों को इलाज के लिए इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

दोनों बेटियों के शव लेकर परिजन एम्बुलेंस से अपने गृहग्राम रायपुर के लिए रवाना हुए। इसी दौरान इटारसी के पास तीसरी बेटी 10 वर्षीय आशी की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद करीब एक घंटे बाद आशी ने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद इटारसी पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर मामले की शुरुआती जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीनों बच्चियों आशी, विशुका और विधि के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तीनों बच्चियों की मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम और बिसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment