रायपुर।छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सरकारी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने की बजाय दो शिक्षक कथित तौर पर स्कूल के कार्यालय में शराब पीते और चखना खाते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामला मैनपुर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में दो शिक्षक कथित रूप से स्कूल ऑफिस के अंदर बैठकर शराब पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि बाहर स्कूल परिसर में बच्चे बिना पढ़ाई के इधर-उधर घूमते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन स्कूल के तीन शिक्षक छुट्टी पर थे। वहीं मौजूद दो शिक्षकों पर आरोप है कि उन्होंने बच्चों को पढ़ाने के बजाय स्कूल के कार्यालय को ही महफिल बना लिया। इतना ही नहीं, दोनों तय ड्रेस कोड की जगह टी-शर्ट और कार्गो जींस पहने भी दिखाई दिए।
वायरल वीडियो में नजर आ रहे शिक्षकों की पहचान मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान के रूप में बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर स्कूल के समय बच्चों की पढ़ाई छोड़कर इस तरह की हरकत कैसे होती रही।
अगर जांच में आरोप सही साबित होते हैं, तो मामला सिर्फ अनुशासनहीनता का नहीं रहेगा, बल्कि सरकारी स्कूलों की व्यवस्था और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े करेगा। जिस जगह बच्चों को शिक्षा, संस्कार और अनुशासन सिखाया जाता है, वहीं इस तरह की कथित हरकत से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
अब सभी की नजर शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर है। देखना होगा कि वायरल वीडियो की जांच के बाद संबंधित शिक्षकों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।






