“मैं शपथपत्र क्यों भरूं? यह उनका डेटा है” — वोट चोरी विवाद पर राहुल गांधी का हमला

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली: वोट चोरी के आरोपों को लेकर चल रहे विवाद के बीच कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की मांग पर शपथपत्र पर हस्ताक्षर करने से साफ इंकार कर दिया है। मीडिया से बातचीत में राहुल ने कहा, “मैं शपथपत्र पर साइन क्यों करूं? यह उनका डेटा है, मेरा नहीं। उन्हें अपनी वेबसाइट से लेना चाहिए। यह सिर्फ ध्यान भटकाने की कोशिश है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला सिर्फ बेंगलुरु तक सीमित नहीं है, बल्कि कई निर्वाचन क्षेत्रों में गड़बड़ियां हुई हैं। “चुनाव आयोग कुछ छिपाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन एक दिन सच्चाई सामने आ जाएगी,” राहुल ने कहा।

राहुल गांधी ने आगे कहा, “भारत के लोकतंत्र की हालत देखिए। 300 सांसद चुनाव आयोग से मिलने और दस्तावेज देने गए, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। यह अब राजनीतिक लड़ाई नहीं है, यह संविधान और ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ की लड़ाई है।”

विपक्ष का मार्च और पुलिस की रोक
सोमवार को विपक्षी सांसदों ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ संसद से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बीच में रोककर कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, “पुलिस और सरकार हमें 30 सेकंड भी मार्च नहीं करने दे रही। सांसदों को चुनाव आयोग जाने की भी आज़ादी नहीं है।”

कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने हिरासत के बाद कहा, “क्या जेल की सलाखें राहुल गांधी और विपक्ष की आवाज़ दबा सकती हैं? अब नारा है — ‘बोल रहा है पूरा देश, वोट हमारा छू के देख’।”

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment