रायपुर। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और संघर्ष की स्थिति को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अहम कदम उठाया है। विदेशों में मौजूद या वहां फंसे छत्तीसगढ़ के लोगों की सहायता और समन्वय के लिए राज्य सरकार ने एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति कर दी है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन में कार्यरत लॉयजन अधिकारी लेखा अजगल्ले को इस जिम्मेदारी के लिए नामित किया गया है। वे विदेश में रह रहे या आपात स्थिति में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की मदद के लिए समन्वय का काम संभालेंगी।
सरकार के मुताबिक पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की स्थिति को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर राज्य के नागरिकों को समय पर सहायता मिल सके। इसके लिए दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन के माध्यम से संबंधित एजेंसियों और विभागों के साथ संपर्क और समन्वय किया जाएगा।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी भी आपात स्थिति में छत्तीसगढ़ के नागरिक सीधे नोडल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल और कार्यालय के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं, जिससे जरूरतमंदों तक जल्द से जल्द मदद पहुंचाई जा सके।

राज्य सरकार का कहना है कि विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ के लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रखी गई हैं।


